पर्यटकों के लिए बहुत कुछ

जिन्हें भ्रमण का शौक है उनके लिए न्यूयॉर्क में सब कुछ है। ऐतिहासिक भवनों से लेकर ब्राडवे थियेटर्स तक और सैंकड़ों संग्रहालयों से लेकर गगनचुंबी इमारतों तक। वास्तव में न्यूयॉर्क में घूमने और देखने के लिए इतना कुछ है कि पर्यटकों के लिए यह तय कर पाना मुश्किल हो जाता है कि शुरूआत कहां से करें।

स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी  

एम्पायर स्टेट बिल्डिंग

प्रस्तावित फ्रीडम टॉवर

ब्रुकलिन ब्रिज

मैनहटन

रॉकफेलर सेंटर

संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय

टाइम्स स्क्वेयर

नैसडैक

लेडी लिबर्टीः  न्यूयॉर्क का नाम आते ही सबसे पहले दो चीजें मस्तिष्क में उभरती हैं। पहली लिबर्टी की प्रतिमा (स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी) और दूसरा संयुक्त राष्ट्र। स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी, जिसे लेडी लिबर्टी के नाम से भी जाना जाता है, संभवतः अमेरिका में स्वतंत्रता का सबसे बड़ा प्रतीक चिन्ह है। अमेरिका में प्रवेश करने वालों का स्वागत करती लेडी लिबर्टी की प्रतिमा को देखना एक रोमांचकारी अनुभव है। सन 1886 में फ्रांस द्वारा उपहार में दी गई यह प्रतिमा न्यूयॉर्क हार्बर में हडसन नदी के मुहाने पर स्थित लिबर्टी द्वीप में शान से खड़ी है। प्रतिमा की ऊंचाई है 151 फुट एक इंच और इसे जिस स्तंभ पर स्थापित किया गया है वह भी 154 फुट ऊंचा है। यानी धरती से प्रतिमा के शीर्ष तक की ऊंचाई है- 306 फुट से कुछ ज्यादा।

एम्पायर स्टेट बिल्डिंग न्यूयॉर्क की सर्वाधिक चर्चित गगनचुंबी  इमारतों में से एक है। लगभग 1453 फुट ऊंची और 102 मंजिलों वाली इस इमारत का निर्माण 1931 में पूरा हुआ था। करीब चालीस साल तक यह विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा बनी रही। 1972 में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर ने उससे यह पदवी छीन ली। आज भी यह न्यूयॉर्क की सबसे ऊंची इमारत है। हर साल करीब छत्तीस लाख लोग इसे देखने आते हैं।

संयुक्त राष्ट्रः  न्यूयॉर्क को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय की मेजबानी करने का गौरव प्राप्त है। दो सौ के करीब सदस्य देशों के ध्वजों के पीछे खड़ी संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय की बुलंद इमारत का दृश्य देखते ही बनता है। शांति, मानवाधिकारों और विकास को समर्पित इस विश्व संस्था के लिए न्यूयॉर्क की लगभग 18 एकड़ भूमि सुरक्षित रखी गई है जिसमें 39 मंजिलों का सचिवालय भवन, संयुक्त राष्ट्र साधारण सभा की इमारत, सम्मेलन भवन और एक विशालकाय पुस्तकालय शामिल हैं। संयुक्त राष्ट्र के दायरे में आने वाली भूमि अंतरराष्ट्रीय भूमि का दर्जा प्राप्त है और अगर आप संयुक्त राष्ट्र के द्वार में प्रवेश करते हैं तो इसका अर्थ यह हुआ कि आप न्यूयॉर्क छोड़कर अंतरराष्ट्रीय नियंत्रण वाले एक अन्य क्षेत्र में आ गए हैं।

मैनहटन न्यूयॉर्क का व्यापारिक, वित्तीय और सांस्कृतिक केंद्र है। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय और न्यूयॉर्क की स्थानीय सरकार का कार्यालय इसी क्षेत्र में है। न्यूयॉर्क स्टॅक एक्सचेंज और नैसडैक यहीं पर स्थित हैं। मैनहटन में अमेरिका का सबसे बड़ा  व्यापारिक केंद्र है जहां व्यापारिक संस्थानों की आसमान  चूमती इमारतों की कतारों को देखना विस्मय पैदा करता है। मैनहटन को देखकर अमेरिका की कारोबारी शक्ति का अहसास होता है।

न्यूयॉर्क के अन्य आकर्षण हैं-

 - रॉकफेलर सेंटर
 - सेन्ट्रल पार्क
 - टाइम्स स्क्वायर
 - मेट्रोपोलिटन म्यूजियम
 - ग्राउंड जीरो
 - रोज सेंटर फॉर अर्थ एंड स्पेस
 - साउथ स्ट्रीट सीपोर्ट
 - ग्रैंड सेंट्रल टर्मिनल
 - एलिस आईलैंड इमीग्रेशन म्यूजियम
 - स्टेटन आईलैंड फेरी
 - अमेरिकन म्यूजियम ऑफ नैचुरल हिस्ट्री
 - म्यूजियम ऑफ मॉडर्न आर्ट आदि

 


कॉपीराइट © 2007: विदेश मंत्रालय, भारत सरकार
हिंदी अनुभाग, कमरा नंबर 235 एल, साउथ ब्लॉक, विदेश मंत्रालय, नई दिल्ली- 110 011