कभी न सोने वाला शहर
विश्व के सर्वाधिक महत्वपूर्ण, प्रभावशाली, चर्चित और घटनाप्रधान शहरों में से एक है
न्यूयॉर्क। संयोगवश, न्यूयॉर्क शहर जिस राज्य में है, उसका नाम भी न्यूयॉर्क
ही है। यह अमेरिका का सर्वाधिक जनसंख्या वाला शहर है। संयुक्त राष्ट्र की मौजूदगी के
कारण विश्व भर में इसका राजनैतिक-राजनयिक महत्व तो है ही,
| न्यूयॉर्क शहर को अनेक उपनाम दिए गए हैं। इनमें बिग एपल, गोधम सिटी, द सिटी दैट नेवर स्लीप्स
आदि प्रमुख हैं। न्यूयॉर्क के लिए कहते हैं कि यहां लाइफ इन द फास्ट लेन है और यह है- ए सिटी सो नाइस, दे नेम्ड इट ट्वाइस। |
कारोबार, वित्त और व्यावसायिक
क्षेत्र में विश्व की कई अग्रणी कंपनियां न्यूयॉर्क में ही आधारित हैं। इतना ही नहीं,
इसे दुनिया के सर्वाधिक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक केंद्रों में भी गिना जाता है, जिसका
कारण है यहां मौजूद सैकड़ों संग्रहालय, कला वीथिकाएं, सभागार और मनोरंजन स्थल। यह कई
अमेरिकी सांस्कृतिक परिघटनाओं का जन्मस्थल रहा है जिनमें साहित्य और दृश्य कलाओं में
हार्लेम नवजागरण, चित्रकला में अमूर्त (एब्सट्रैक्ट) अभिव्यक्तिवाद और संगीत में हिप-होप
शामिल हैं।
अमेरिका के उत्तरपूर्वी तटीय क्षेत्र में स्थित न्यूयॉर्क शहर को पांच बड़े भागों में
बांटा जा सकता है- द ब्रोन्क्स, ब्रुकलिन, मैनहटन, क्वीन्स और स्टेटन द्वीप। लगभग 830
वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल के इस नगर में लगभग 82 लाख लोग रहते हैं। अकेले यहां के मैट्रोपोलिटन
एरिया में करीब अठारह लाख लोग रहते हैं और उसे विश्व की सबसे विशाव शहरी बस्तियों में
गिना जाता है।
दूसरे विश्वयुद्ध के बाद से न्यूयॉर्क को दुनिया के प्रमुखतम वित्तीय केंद्र का दर्जा
प्राप्त है। विश्व भर के शेयर बाजारों की दिशा को प्रभावित करने वाली प्रसिद्ध वॉल
स्ट्रीट यहीं पर है। यहां का न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज विश्व का सबसे बड़ा शेयर बाजार
है तो नैसडैक दुनिया में तीसरे नंबर पर गिना जाता है। मीडिया के क्षेत्र में
भी न्यूयॉर्क बहुत बड़ी विश्व शक्ति है। टाइम वार्नर, न्यूज कारपोरेशन, हर्स्ट कारपोरेशन
और वायकाम का ठिकाना यही शहर है तो दुनिया की दस सबसे बड़ी विज्ञापन एजेंसियों में
से छह के मुख्यालय भी यहीं हैं। यहां दो सौ से ज्यादा अखबार और साढ़े तीन सौ
से ज्यादा पत्रिकाओं के दफ्तर हैं। विश्व के चार सबसे बड़े प्रसारण नेटवर्क- एबीसी,
सीबीएस, फॉक्स और एनबीसीके मुख्यालय भी न्यूयॉर्क में ही हैं।

| | न्यूयॉर्क में समय |
न्यूयॉर्क सही मायनों में बहुसांस्कृतिक समाज का शहर है। यहां
लगभग 170 भाषाएं बोली जाती हैं और शहर की 36 प्रतिशत जनसंख्या विदेशों में जन्मे लोगों
की है। संभवतः इसीलिए द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद जब विश्व भर का प्रतिनिधित्व
करने वाली संस्था संयुक्त राष्ट्र के लिए स्थान के चयन का प्रश्न उठा तो न्यूयॉर्क
को इसके लिए सर्वाधिक अनुकूल माना गया। 1952 में यहां संयुक्त राष्ट्र की स्थापना हुई। यहां दुनिया का सबसे बड़ा
कोंसुलर क्षेत्र है जिसमें 122 कोंसुलावास, महाकोंसुलावास और मानद कोंसुल कार्यालय
हैं।
1898 के बाद से न्यूयॉर्क के राजनैतिक व प्रशासनिक मामलों की देखरेख यहां
की मेट्रोपोलिटन
म्यूनिसिपैलिटी करती है। इसके प्रमुख मेयर होते हैं। यह पद फिलहाल माइकल ब्लूमबर्ग
के पास है जो 2005 में लगभग 59 प्रतिशत मतों से जीते थे। इस स्थानीय सरकार की अपनी
परिषद (काउंसिल) भी है।
फिर यही वह शहर है जिसने संभवतः आतंकवाद की सबसे बड़ी त्रासदी को झेला और उससे टूटे
बिना बुलंद हौंसलों के साथ फिर उठ खड़ा हुआ। ग्यारह सितंबर 2001 को यहां के विश्व प्रसिद्ध
व्यापारिक स्थल वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की दो गगनचुंबी इमारतों पर आतंकवादी हमला हुआ जिसमें
कम से कम तीन हजार निर्दोष लोगों की जान गई। अब उस स्थान पर फ्रीडम टावर का निर्माण
किया जा रहा है जो सन 2012 तक पूरा हो जाएगा।
|